बिहार में अब एक क्लिक में दिखेंगे जमीन के सौ साल पुराने रिकार्ड
पटना
बिहार में बस एक क्लिक कीजिए और दिख जाएंगे किसी भी जमीन के सौ साल के पुराने रिकार्ड। यह व्यवस्था हो गई तो फर्जी कागज बनाकर सरकारी व निजी जमीन पर कब्जा करना अब कठिन हो जाएगा। जमाबंदी पंजी का पुराना रिकार्ड गायब होने का बहाना भी नहीं चलेगा। भूदान की जमीन न तो रिकार्ड से गायब होगी और न ही एक ही जमीन का दो बार पर्चा बंटेगा। सरकारी जमीन की पैमाइश बार-बार कराने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी।
राज्य सरकार जमीन विवादों को खत्म कर अपराध रोकने की एक नई व्यवस्था करने जा रही है। इसके लिए राज्य के सभी अंचलों में बन रहे अभिलेखागारों को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। सभी अंचलों के अभिलेखागार डाक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम से लैस होंगे। पहले चरण में राज्य के 163 अंचलों का चयन किया गया है। इसके लिए सरकार ने पैसा भी दे दिया है। सूचना के मुताबिक सारण जिले के आधुनिक अभिलेखागार के लिए उपस्कर की खरीद की जा चुकी है। उस जिले के सोनपुर, मढ़ौरा, एकमा, मांझी व छपरा सदर में आधुनिक अभिलेखागार-सह-डाटा केन्द्र का भवन बनकर तैयार है।

पाठको की राय